कासगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने बृहस्पतिवार को सहावर, अमांपुर और सोरोंजी क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
एआरटीओ आरपी सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने अमांपुर क्षेत्र में ओवरलोड वैन को पकड़कर थाने में निरुद्ध किया। इसके अलावा अनधिकृत रूप से बच्चों को ढोने, परमिट संबंधी कमियां मिलने और मानक पूरे न होने पर एक अन्य वैन तथा बिना परमिट-फिटनेस चल रहे दो ऑटो को भी सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान ओवरलोडिंग में पकड़े गए दो ट्रकों को भी जब्त किया गया। विभिन्न अनियमितताओं के चलते कुल 1.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एआरटीओ ने सभी स्कूल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के परिवहन के लिए केवल उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल किया जाए जो तय सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन सीज करने के साथ उसका पंजीकरण भी निरस्त कर दिया जाएगा।