कासगंज। बालाजी कंस्ट्रक्शन फर्म की प्रोपराइटर डॉ. शीतल सिंह के साथ हुए 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी, फर्जी हस्ताक्षर और चेक दुरुपयोग के मामले में कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हाथरस में लहरा रोड स्थित वसुधंरापुरम निवासी डॉ. शीतल सिंह ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने अपनी फर्म के कार्यों के लिए हिमांशु शाक्य निवासी सिढ़पुरा को प्रबंधक नियुक्त किया था। नवंबर 2023 में उन्होंने विश्वास के तहत अपनी फर्म के बैंक खातों पंजाब नेशनल बैंक और एटा जिला सहकारी बैंक की हस्ताक्षरित व अनहस्ताक्षरित चेकबुक प्रबंधक को सौंपी थीं।
आरोप है कि पूर्व प्रबंधक हिमांशु शाक्य ने अपने भाई शीलरतन और पीएनबी लक्ष्मीगंज शाखा के तत्कालीन प्रबंधक शुभम गुप्ता, उप-प्रबंधक दिलीप तंवर, लिपिक भानुप्रताप व सुनील, सफाई कर्मचारी विपिन, वर्तमान शाखा प्रबंधक बलवीर सिंह और अन्य अज्ञात कर्मियों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा।
बैंक स्टाफ की मिलीभगत से 66 चेक को फर्म के लिए इस्तेमाल किया जबकि 34 चेकों का दुरुपयोग कर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए करीब 30 लाख रुपये एटा जिला सहकारी बैंक शाखा पटियाली में ट्रांसफर कर विभिन्न नामों से निकाल लिए गए। इसके अलावा, बैंक रिकॉर्ड से फर्जी हस्ताक्षर वाले दो महत्वपूर्ण चेक भी गायब करा दिए गए। अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने प्रबंधक को निष्कासित कर दिया था।
-
वर्जन
कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - आंचल चौहान, सीओ सदर