फोटो28कासगंज पुलिस की हिरासत में आरेापी । स्रोत: पुलिस विभाग
कासगंज। सोरोंजी रोड स्थित मराठा होटल के संचालक पर रविवार रात फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने फायरिंग के मुख्य आरोपी को सोमवार को हनौता पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
भूड़ जखा रुद्रपुर निवासी ओमकार सिंह ने सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह रविवार की रात सोरोंजी रोड स्थित अपने मराठा होटल पर बैठे थे। तभी बाइकसवार 6 से 7 लोग आए और होटल के स्टाफ से गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो सभी बाहर होटल के गेट पर खड़े हो गए और झगड़ने लगे।
इस बीच बुलेट पर बैठे मुख्य आरोपी प्रिंस ठाकुर ने साथी भोले ठाकुर के कहने पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से सीधा फायर झोंक दिया। वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद सभी आरोपी भाग गए। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
सूचना पर सीओ सदर आंचल चौहान सदर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और होटल संचालक से घटना के बारे में जानकारी ली। मामले में संचालक की तहरीर पर प्रिंस ठाकुर, गौरव और भोले ठाकुर समेत चार अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-
वर्जन
फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी प्रिंस ठाकुर निवासी मोहल्ला जय-जयराम को सोमवार को हनौता पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से घटना में उपयोग अवैध तमंचा-कारतूस 315 बोर और बुलेट बाइक बरामद हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। - आंचल चौहान, सीओ सदर