कासगंज। सुन्नगढ़ी के गांव शहवाजपुर में शादी की दावत में अर्धनग्न होकर हंगामा करने और फायरिंग करने के पांच आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अदालत के आदेश पर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
गांव शहवाजपुर निवासी नेमचंद्र पुत्र नेकराम ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 जुलाई 2026 को घर में उनके पुत्र की शादी के बाद दावत का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी कृपाल शराब के नशे में अर्धनग्न होकर आ गया। रिश्तेदारों के सामने गाली-गलौज करने लगा।
इस पर परिवार के लोगों ने उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से तमंचा लेकर वापस आया और फायरिंग करने लगा। इसके बाद आरोपी कल्लो देवी, रामप्रकाश, धर्मेंद्र और मोहर सिंह भी हाथों में लाठी-डंडे लेकर आ गए। मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने जब यूपी 112 नंबर पर कॉल मिलाया तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीनकर नाली में फेंक दिया।
जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पीड़ित ने दरवाजे के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान गांव के कई लोग और रिश्तेदार मौके पर मौजूद थे।
जिन्होंने बीच-बचाव किया। उसके पास घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। मामले में पुलिस के कार्रवाई न करने पर उसने अपर मुख्य न्यायिक न्यायालय की शरण ली। संवाद