ढोलना में भगवंतपुर पुल पर जाम लगाई भीड़। फाइल फोटो
कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र में हजारा नहर में डूबे एक युवक की तलाश के दौरान रोड जाम कर पुलिस टीम के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले में 13 नामजद आरोपियों सहित 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली में उप निरीक्षक के पद पर तैनात संजय उपाध्याय ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि नगला भूरा निवासी युवक अवनीश (22) पुत्र नरायन सिंह 8 नवंबर 2026 को हजारा नहर में डूब गया था। 9 नवंबर को उसकी तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची थी।
इसी दौरान युवक के परिजन फतेह सिंह, बृजेश, राजू, अशोक, नारायण सिंह, अजय राज, गजराज, सौदान, रामप्रताप, विशाल, पप्पू पाल, डालचंद, महादेव और हरिशचंद्र समेत गांव के करीब 50 लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
आरोप है कि भीड़ ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की। भगवंत पुल बाईपास हाईवे पर अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया जिससे यातायात बाधित हो गया।