कासगंज। खेत पूरी तरह तैयार हैं और बुवाई का समय हाथ से निकल रहा है लेकिन खाद पाने के लिए किसानों को इन दिनों भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। खाद केंद्रों पर सुबह से ही किसानों का तांता लग रहा है। अपनी बारी आने के लिए चार से पांच घंटे तक लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है।
इस समय लाहा की फसल की बुवाई जोरों पर है और साथ ही अगैती आलू की फसल का सीजन भी शुरू हो चुका है। इससे यूरिया और डीएपी खाद की मांग में अचानक भारी उछाल आया है। स्थिति यह है कि किसान तड़के ही केंद्रों पर पहुंचकर लाइनों में लग जाते हैं।
किसानों का कहना है कि यदि उन्हें समय पर पर्याप्त खाद नहीं मिली, तो उनकी मुख्य फसल की बुवाई बुरी तरह प्रभावित हो जाएगी। इसके अलावा, दिनभर केवल खाद की लाइन में खड़े रहने के कारण उनके खेती-किसानी के अन्य जरूरी काम भी ठप हो रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि केंद्रों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था को इस प्रकार सुगम बनाया जाए ताकि उन्हें घंटों अपनी बारी का इंतजार न करना पड़े।
क्या बोले किसान
सुबह ही खाद लेने पहुंच गए थे लेकिन लंबी लाइन होने के कारण कई घंटे इंतजार करना पड़ा। खेत में लाहा की बुवाई करनी है और खाद समय पर नहीं मिली तो परेशानी बढ़ जाएगी।- हेमंत कुमार, किसान
अगैती आलू की बुवाई का समय भी चल रहा है। खाद के लिए सुबह से लाइन में लगना पड़ रहा है। करीब चार से पांच घंटे बाद नंबर आ रहा है।- मुकेश, किसान
वर्जन
जिले में खाद की कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही खाद दी जा रही है।- अशोक कुमार, एआर को-ऑपरेटिव
फोटो 02 मुकेश, किसान,स्रोत: संवाद
फोटो 02 मुकेश, किसान,स्रोत: संवाद
फोटो 02 मुकेश, किसान,स्रोत: संवाद