फोटो44गंजडुंडवारा सीएचसी पर रोते बिलखते मृतक के परिजन ।संवाद
गंजडुंडवारा। कासगंज से अनवरगंज जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में मंगलवार को फर्रुखाबाद के यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह बदायूं स्थित बेटे की ससुराल से घर लौट रहे थे। कासगंज से ट्रेन में सवार होने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द उठने के बाद दम तोड़ दिया। ट्रेन में सवार यात्रियों ने इसकी सूचना जीआरपी गंजडुंडवारा को दी। इस पर गंजडुंडवारा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने शव को ट्रेन से उतार लिया।
फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज थाना क्षेत्र के गांव भक्सा निवासी सुआ लाल (55) पुत्र कोमल सिंह सोमवार को बेटे की ससुराल बदायूं जिले में भिंड के नगला गए थे। वहां से बस में सवार होकर मंगलवार की दोपहर कासगंज पहुंचे। फिर घर जाने के लिए कासगंज जंक्शन से कानपुर-अनवरगंज एक्सप्रेस में सवार हुए। ट्रेन के कासगंज स्टेशन से रवाना होते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द उठने लगा। घबराहट सी होने लगी। वह अचानक बेहोश होकर सीट से नीचे गिर पड़े। कोच में मौजूद यात्रियों ने पानी छिड़ककर उन्हें होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। थोड़ी ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
ट्रेन में सवार एक यात्री ने मृतक के मोबाइल से उनके भतीजे देवनारायण को कॉल की और उसे घटना के बारे में जानकारी दी। फिर यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम को भी इसकी सूचना दी। कंट्रोल रूम ने इसके बारे में गंजडुंडवारा स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर ट्रेन के गंजडुंडवारा स्टेशन पर पहुंचते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई। जीआरपी उन्हें तत्काल सीएचसी गंजडुंडवारा ले गई। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई।
जैसे ही परिजन को उनकी मौत की खबर मिली, वे रोते-बिखलते हुए सीएचसी पहुंच गए। परिजन ने बताया कि मृतक के चार बेटे और दो बेटियां है। उनकी अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। एसओ जीआरपी दीपक त्रिवेदी ने बताया कि परिजन ने उनका पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।