फोटो 12 - ग्राम नरदोली में गोवंशों के सम्बंध में किसानों से वार्ता करते क्षेत्रीय लेखपाल विशाल
पटियाली। विकास खंड गंजडुंडवारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरदोली में निराश्रित गोवंश से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने दर्जनों गोवंश को पकड़कर एक घेर में बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को समझाया। उन्होंने पशुओं को मुक्त कराया और दो में उन्हें गोशाला भिजवाने का आश्वासन दिया।ग्राम पंचायत नरदोली के किसानों का कहना है कि निराश्रित गोवंश खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों को दिन-रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। पहले से ही बारिश के कारण फसलों को नुकसान होने से किसान आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मवेशियों द्वारा बची हुई फसल को नष्ट किए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है। शनिवार को समस्या से परेशान किसानों ने गोवंशों को पकड़कर एक घेर में बंद कर दिया और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना और क्षेत्रीय लेखपाल विशाल राज को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और गोवंश को बंधन से मुक्त कराया। वहीं, ग्रामीणों ने गांव में स्थायी गोशाला बनवाने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि जब तक गांव में गोवंशों के संरक्षण की उचित व्यवस्था नहीं होगी, तब तक समस्या बनी रहेगी। इस दौरान राम मौतार, सतेंद्र सिंह, महावीर सिंह, राजेंद्र राठौड़, रणवीर शर्मा और ओमप्रकाश सहित अन्य किसानों ने उच्चाधिकारियों से गोवंशों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना ने बताया कि किसानों को आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर सभी छुट्टा गोवंशों को पकड़वाकर गोशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
फोटो 12 - ग्राम नरदोली में गोवंशों के सम्बंध में किसानों से वार्ता करते क्षेत्रीय लेखपाल विशाल