फोटो05कासगंज की सब्जी मंडी में एक दुकान पर बिक्री के लिए रखे नए आलू । संवाद
कासगंज। नए आलू की कीमत आवक के 15 दिन के भीतर ही धड़ाम हो गई है। बाजार में नए आलू की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। थोक में नया आलू 10 रुपये किलो रह गया है। जबकि फुटकर में 15 रुपये किलो के भाव से बिक्री हो रही है। विक्रेता अभी कीमतों में और गिरावट की आशंका जता रहे हैं।
जिले में लगभग 5 हजार हेक्टेयर में आलू की खेती होती है। गत वर्ष भी अच्छी पैदावार होने से किसान को आलू का पर्याप्त भाव नहीं मिल सका था। इस बार भी फिर से ऐसी ही आशंका बनने लगी हैं। 15 दिन पहले नया आलू बाजार में आया तो उस समय थोक में कीमत 35 रुपये किलो थी, जबकि फुटकर में 40 रुपये किलो आलू बिक्री हो रहा था। इसके बाद से आलू की कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है।
बाजार में तीन दिन पहले तक थोक में 15 रुपये किलो आलू बिक्री हो रहा था। जो अब घटकर 10 रुपये किलो रह गया है। फुटकर विक्रेता इसको 15 रुपये किलो के भाव पर बिक्री कर रहे हैं। कीमतों में आई इस गिरावट से किसान खासे परेशान हैं। विक्रेताओं का कहना है कि अभी बाजार में आलू की आवक और बढ़ेगी इसके बाद कीमतों में और भी गिरावट आएगी।