कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव सिरसौल दरवाजा में रुपये के लेनदेन के विवाद में युवक से घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की गई। पुलिस के कार्रवाई न करने पर युवक ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोपियों पर कार्रवाई के लिए याचिका लगाई। कोर्ट के आदेश पर सहावर थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव सिरसौल दरवाजा निवासी किशनपाल (52) पुत्र राधेश्याम ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि वह बीती 24 सितंबर की शाम घर पर मौजूद था। तभी गांव के ही आरोपी राजकुमार, वीकेश और विकास समेत तीन अन्य अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। उधार लिए 75 हजार रुपये को लेकर रिश्तेदारी में बदनाम करने का आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर उसकी डंडों से पिटाई लगा दी। जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा तान दिया। इस दौरान उनके बेटे चुन्ना ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया। फायरिंग होने पर गांव के लोग एकत्रित हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्हाेंने घटना की तहरीर थाने में दी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। कोर्ट ने मामले में सहावर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।