मोहनपुरा। अब खेत में कीचड़ में उतरकर कमर तोड़ रोपाई के दिन लदने वाले हैं, क्योंकि धान की बुवाई की अत्याधुनिक डीएसआर तकनीक से नर्सरी और रोपाई का झंझट खत्म हो जाएगा खत्म। धान की खेती पारंपरिक तरीके से नर्सरी तैयार कर रोपाई करने के बजाय खेत में सीधी बुवाई से होगी। यह आधुनिक तकनीक किसानों के लिए कई मायनों में फायदेमंद साबित होगी। समय, पानी और लागत तो घटेगी ही साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बेहतर होगी।
इस तकनीक में रोपाई के लिए मजदूरों की भी ज्यादा आवश्यकता नहीं होगी। इस तकनीक से सूखे और गीले खेत में राइस ड्रम सीडर अथवा सीड ड्रिल के जरिये मध्य जून तक सीधे धान की बुवाई की जा सकती है। जनपद में बड़े पैमाने पर धान की खेती की जाती है। किसान धान की फसल के लिए तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में जल संरक्षण और लागत कम करने के लिए डीएसआर तकनीक धान उत्पादन का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
क्या है डीएसआर तकनीक
कृषि विज्ञान केंद्र मोहनपुरा के प्रभारी डॉ. विकास रंजन चौधरी ने बताया कि डीएसआर यानी डायरेक्ट सीडेड राइस तकनीक है। इसका मतलब धान की खेत में सीधी बुवाई करना है। पारंपरिक तरीके में किसानों को पहले धान की नर्सरी तैयार करनी पड़ती है। फिर नर्सरी से पौधों को उखाड़कर पानी से लबालब भरे खेत में रोपाई की जाती है। इस विधि में करीब एक महीने तक का समय लग जाता है। मगर आधुनिक डीएसआर तकनीक में धान के बीजों को अन्य फसलों की भांति सीधे खेत में बोया जाता है। इससे समय, पानी, मजदूरी घटने से फसल की लागत में काफी कमी आती है। पारंपरिक विधि जैसी समान पैदावार भी प्राप्त होती है। जहां मजदूरों और पानी के संसाधनों की कमी है वहां के लिए यह तकनीक बेहद कारगर है।
-
डीएसआर तकनीक के मुख्य लाभ
- समय, पानी, मजदूरी आदि में 6000 रुपये प्रति एकड़ तक की बचत
- नर्सरी और रोपाई की कोई आवश्यकता नहीं
- 25 से 30 प्रतिशत तक पानी की बचत
- फसल करीब 10 दिन पहले हो जाती तैयार
- फसल जल्दी पकने से अगली फसल के लिए पर्याप्त समय
- पारंपरिक रोपाई के समान पैदावार
- समय और संसाधनों का बेहतर उपयोग
पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान
केवीके के विषय वस्तु विशेषज्ञ सस्य विज्ञान डॉ. गौरव वर्मा ने बताया कि रोपाई की पारंपरिक विधि के लिए खेत में लबालब पानी भरा जाता है। इससे भारी मात्रा में मीथेन, नाइट्रस ऑक्साइड और कार्बन डाई ऑक्साइड जैसी ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन होता है, जो ग्लोबल वार्मिंग को बढ़ावा देती हैं। डीएसआर तकनीक में 30 से 40 प्रतिशत तक ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन कम होता है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
आंकड़ों की नजर से
लागत बचत - करीब 5000 से 6000 रुपये प्रति एकड़
पानी की बचत - 30 से 35 प्रतिशत तक
समय की बचत - 10 से 15 दिन
प्रमुख संस्तुत प्रजाति - पूसा 1985, पूसा 1979
-
ध्यान रखने योग्य खास बातें
- खेत समतल होना आवश्यक
- खरपतवारनाशी सहनशील एवं संस्तुत प्रजातियों का चयन आवश्यक
- बुवाई पूर्व बीज शोधन से बेहतर अंकुरण हो
- बुवाई के तीन दिन के अंदर खरपतवारनाशी का छिड़काव
- शुरुआती 25 दिनों तक फसल को खरपतवार से मुक्त रखना
- समय पर उचित पोषक तत्व प्रबंधन
वर्जन -
धान की फसल के लिए डीएसआर विधि एक अच्छी पहल है। फसल में लागत कम होगी, जिससे किसान को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा। बड़ी मात्रा में पानी की भी बचत होगी। धान बुवाई के लिए उपयुक्त उपकरणों पर सरकार की ओर से भी 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। -महेंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक