कासगंज। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए सोरोंजी के लहरा और कछला गंगा घाट पर विभिन्न राज्यों और जनपदों से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। रूट डायवर्जन रविवार रात से लागू कर दिया गया, जो सोमवार रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार, विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले वाहनों के रास्तों में बदलाव किया गया है। जनपद एटा और हाथरस से बदायूं या बरेली की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को सौरभ ढाबा एटा रोड और नदरई तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अमरपुर घाट बाईपास से मंडी तिराहा कासगंज, सहावर और गंजडुंडवारा क्षेत्र होते हुए कादरगंज गंगा पुल के रास्ते बदायूं की सीमा में दाखिल हो सकेंगे। इसी तरह अलीगढ़ से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहनों को हजारा नहर पुल से मामों बाईपास और गोरहा नहर पुल की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो आगे सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल से गुजरेंगे। कछला गंगा घाट से कासगंज शहर की ओर आने वाले वाहनों को थाना सोरों के दुपाहिया मोड़ नगरिया से डायवर्ट कर कस्बा याकूतगंज, सहावर और अमांपुर के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा सोरों से बरेली-बदायूं जाने वाले वाहनों को नगरिया तिराहा से शहबाजपुर होते हुए कादरगंज गंगा पुल की तरफ निकाला जाएगा। वहीं बदायूं की तरफ से कादरगंज गंगा पुल होकर आने वाले भारी वाहनों को तरसी तिराहे से पटियाली और सिढ़पुरा की ओर भेजा जाएगा।श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों के पास वाहनों का दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने चार अलग-अलग स्थानों पर अस्थाई पार्किंग स्थलों का निर्माण किया है। पहली पार्किंग नारायण आश्रम के सामने और पुलिस चौकी कछला के बराबर में रेलवे लाइन की तरफ मौजूद खाली मैदान में बनाई गई है। दूसरी पार्किंग गोला कुआं पर निर्माणाधीन एनएचएआई के बाईपास पर की गई है। इसके साथ ही गोला कुआं से रेलवे लाइन की तरफ खाली पड़े मक्के के खेतों को तीसरी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। चौथी पार्किंग पुलिस चौकी नगरिया से आगे पेट्रोल पंप के पास रेलवे लाइन की तरफ स्थित खाली मैदान में तय की गई है। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई दिक्कत न हो इसलिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए यूपी 112 की सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी।