-राज्य स्तरीय प्रतियाेगिता के लिए खिलाड़ियों का होना है चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जिले के खिलाड़ियों के पास मौका है। मंडलीय पुरुष हॉकी टीम में चयन के लिए सोमवार को सीनियर वर्ग के लिए जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित होगा।
उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि राज्य स्तर पर होने वाली पुरुष हॉकी प्रतियाेगिता के लिए मंडलीय टीम का चयन होना है। इसके लिए पुरुष वर्ग का जिला स्तरीय ट्रायल सोमवार को सुबह 11 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीद नगर सोरोंजी में किया जाएगा।
इसके बाद मंडल स्तरीय ट्रायल 9 दिसंबर को अलीगढ़ में होगा। इसमें चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर खेलेंगे। चयनित खिलाड़ी 19 से 24 दिसंबर तक रामपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक खिलाड़ी आयु संबंधी प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की मूल प्रति व छाया प्रति के साथ समय से पहुंचकर प्रतिभाग कर सकते हैं।