कासगंज। जिले के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए प्रदेश स्तर पर अपना हुनर दिखाने का एक शानदार मौका है। जिला खेल कार्यालय ने फुटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक और कबड्डी के लिए जिला और मंडल स्तर के चयन ट्रायल का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह के मुताबिक, जिला स्तर के ट्रायल 21 जुलाई से सोरों के स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू होंगे। वहीं, मंडल स्तर के ट्रायल अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले जाएंगे। यहां चुने गए खिलाड़ी मऊ, वाराणसी, अयोध्या और आगरा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कासगंज और अलीगढ़ मंडल का नाम रोशन करेंगे।
21 जुलाई को दोपहर 2 बजे जूनियर बालक फुटबॉल और दोपहर 3 बजे जूनियर बालिका बॉक्सिंग के जिला ट्रायल होंगे। फुटबॉल का मंडल ट्रायल 22 जुलाई को और बॉक्सिंग का 23 जुलाई को अलीगढ़ में होगा।
महिला हैंडबॉल और बास्केटबॉल के जिला ट्रायल 24 जुलाई व मंडल ट्रायल 25 जुलाई को होंगे। जिम्नास्टिक और कबड्डी के जिला ट्रायल 28 जुलाई तथा मंडल ट्रायल 29 जुलाई को रखे गए हैं।
अधिकारी ने खिलाड़ियों से समय पर पहुंचने की अपील की है। ट्रायल के लिए सभी खिलाड़ियों को अपने असली प्रमाणपत्र, उम्र का प्रमाणपत्र, पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) और जन्म प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी लाना जरूरी है। जरूरी कागज न होने पर ट्रायल में एंट्री नहीं मिलेगी। फुटबॉल जूनियर बालक वर्ग के खिलाड़ियों का जन्म 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच होना जरूरी है।