फोटो59जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
कासगंज। मौसम में अचानक बदलाव ने लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। तेज गर्मी और ठंड में उतार-चढ़ाव के कारण बुखार, खांसी, सांस में दिक्कत और डायरिया जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इस समय बीमारियों की चपेट में हैं।
जिला अस्पताल में शनिवार को बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। अस्पताल में कुल 989 मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। इनमें से बुखार के मरीज 190, सांस संबंधी परेशानी वाले 145 और डायरिया के मरीज 35 थे। अस्पताल में संक्रामक रोग विभाग एवं बाल रोग विभाग में सबसे अधिक भीड़ रही।
अस्पताल के डॉक्टर आशीष गुप्ता ने कहा कि मौसम में असामान्य बदलाव के कारण प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो रही है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। लोगों को साफ-सफाई, हाथ धोने और संतुलित आहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
बच्चों और बुजुर्गों को ठंड और गर्मी से बचाने के लिए उचित वस्त्र पहनाना जरूरी है। इसके साथ ही, समय पर स्वास्थ्य जांच और दवा लेने से गंभीर हालात से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि बीमार होने पर देर न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।