फोटो34नगर पालिका परिसर में धरना देते स्थानीय निकाय सफाई कर्मी संघ के सदस्य । संवाद
कासगंज। स्थाई निकाय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले नगर पालिका के सफाईकर्मियों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएं उठाईं और ज्ञापन सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी ने बताया कि कड़ाके की ठंड में भी सफाई कर्मचारियों को ऊनी वर्दी उपलब्ध नहीं कराई गई है। पिछले तीन-चार वर्षों से वर्दी नहीं मिली है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से वर्दी दी जाए। इसके साथ ही ठेका कर्मचारियों को तीन माह से लंबित वेतन का भुगतान कराया जाए। दो वर्ष का ईपीएफ बकाया भी शीघ्र जमा किया जाए। डोर-टू-डोर कचरा संग्रह के लिए पहले से कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए। आबादी के अनुसार नगर में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में कम से कम 200 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति की जाए। ठंड के मौसम में सुबह छह बजे की उपस्थिति को बंद कराई जाए। संविदा कर्मचारियों की डीए किस्त जारी करने और वर्ष 2011 से 2019 के बीच का ईपीएफ बकाया कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाए। मृतक संविदा कर्मियों के परिवारों को बीमा लाभ के साथ सभी कर्मचारियों के एरियर, बोनस, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान की मांग की गई। कर्मियों ने चेतावनी दी गई कि अगर तीन दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो नगर पालिका परिषद में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुकेश कुमार वाल्मीकि, आकाश, सुखराम, अशोक कुमार, पवन कुमार, जुगनू सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।