कासगंज। तीन ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। इन ग्राम पंचायतों के खातों में अगस्त माह में ही निर्माण के लिए धनराशि भेजी जा चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के लिए व्यवस्थित स्थल नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है। जिले की 10 ग्राम पंचायताें में अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए चयन किया गया था।
इनमें कासगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत किनावा, मोहनपुरा, सोरोंजी में क्यामपुर बहेड़िया, गंगागढ़, फतेहपुर कला, सहावर में शेखपुर नर्रई, सिढ़पुरा में नगला भीमसेन, बल्हारपुर समौठी, पटियाली में लाधौली, और अमांपुर की रानामऊ शामिल हैं।
अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को 24.56 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई है। इसके लिए स्थल चयन सहित अन्य प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है फिर भी मोहनपुरा, फतेहपुर कलां और रानामऊ में ग्राम पंचायतों में अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
वर्जन :
निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं। जिन ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। संबंधित जिम्मेदारों से प्रगति रिपोर्ट भी ली जा रही है। -राजेश चौरसिया, डीपीआरओ कासगंज