फोटो01कासगंज के नवाब तरौरा स्कूल पर पहुंची परिषदीय स्कूल की किताबें। संवाद
कासगंज। नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग का लक्ष्य है कि पहली अप्रैल को स्कूल खुलते ही बच्चों के हाथों में किताबें पहुंच जाएं और उनका बस्ता खिताबों से भर जाए ताकि उनकी पढ़ाई शुरू से ही सुचारु हो सके। इसके लिए सभी बीआरसी केंद्रों को पुस्तकें भेज दी गई हैं। अब इनका स्कूलों में वितरण किया जाएगा। शासन से कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। शिक्षा विभाग ने इस बार समय से पहले किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए वितरण प्रक्रिया को गति दे दी है। किताबें मिलते ही विभाग ने उन्हें विभिन्न ब्लॉकों तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार जिले के सभी सात बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) केंद्रों पर पाठ्यपुस्तकें भेज दी गई हैं। यहां से अब इन किताबों को संबंधित स्कूलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।गौरतलब है कि पिछले वर्षों में किताबों के वितरण में देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। लेकिन इस बार विभाग ने पहले से तैयारी कर इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया है। जिला समन्वयक गौरव शाक्य ने बताया कि जिले में आवश्यकता की 80 प्रतिशत किताबें उपलब्ध हो चुकी हैं। इनको बीआरसी पर भेजा गया है। बीआरसी से विद्यालयों को पुस्तकें भेजने की व्यवस्था की जा रही है ताकि एक अप्रैल को बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध हो सकें।,