कासगंज। काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान ने बाल विवाह रोकने के लिए पहल की है। संस्थान ने उच्च प्राथमिक विद्यालय मल्लाह नगर में लाइव प्रसारण दिखाकर बच्चों को जागरूक किया।
संस्था निदेशक मीना सिंह ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है। इसे रोकने के लिए संस्था ने 100 दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित किया है। स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों, विवाह से जुड़े सेवा प्रदाताओं तथा पंचायत और नगरपालिका वार्डों पर विशेष फोकस किया जाएगा ताकि इस सामाजिक अपराध का जड़ से समाप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि लाेगों को जागरूक करने के लिए जनसंवाद, पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता, शिविर और बाल विवाह रोकथाम की सार्वजनिक शपथ आदि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहला चरण 31 दिसंबर तक चलेगा। इसमें स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। दूसरे चरण में 31 जनवरी तक मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे तथा विवाह स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं तीसरे चरण में 8 मार्च तक पंचायतों, नगरपालिका वार्डों और सामुदायिक स्तर की जागरूकता व रोकथाम गतिविधियां आयोजित होंगी।