रोडवेज बस स्टैंड के पास डिवाइडर में घुसी कार। संवाद
कासगंज। रोडवेज बस स्टैंड के सामने बने डिवाइडर में मंगलवार की रात एक और कार घुस गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। युवक, पत्नी को डिलीवरी के बाद डिस्चार्ज कराकर एटा ले जा रहा था। एक हफ्ते के अंदर तीसरी बार डिवाइडर से कार टकराने की घटना हुई है। मौके पर कोई संकेतक नहीं लगा होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। एटा जिले में निधौली कला निवासी कौशल ने पत्नी मालती देवी को प्रसव पीड़ा होने पर 28 नवंबर को सोरों गेट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। जहां उसने बेटी को जन्म दिया। मंगलवार की रात करीब 8 बजे कौशल पत्नी को डिलीवरी के बाद डिस्चार्ज कराकर मां चंद्रक्रांति देवी के साथ कार से गांव वापस जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार रोडवेज बस स्टैंड के पास डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद बिलराम गेट पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार कराया। उपचार के बाद सभी दूसरी गाड़ी से गांव के लिए रवाना हो गए।