मृतक के परिजन व दुर्घटनाग्रस्त कार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज के सहावर के कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लादीनपुर के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक अनियंत्रित कार बंबा में गिर गई, जिससे उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पिता और पुत्री को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कार सवार लोग एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।
क्षेत्र के गांव बौंदर निवासी मनोज कुमार अपनी पत्नी लता और चार बच्चों रोजी (18), इच्छा (15), जिगर (10) और चिराग (8) के साथ शुक्रवार रात कार से अपनी ससुराल, जनपद बदायूं के थाना कछला स्थित गांव कोटरा, एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन में शामिल होने गए थे। मनोज के चचेरे भाई सुरेश चंद्र ने बताया कि समारोह से लौटते समय देर रात गांव अल्लादीनपुर के पास चालक को नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए बंबा पुलिया से नीचे गिर गई।
इस भीषण हादसे में मनोज की पत्नी लता (34 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज (40 वर्ष) और उनकी बेटी रोजी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा, उनके अन्य तीन बच्चे इच्छा, जिगर और चिराग भी घायल हुए। घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। किसी ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिसकर्मियों और एंबुलेंस चालक ने कार का शीशा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में मनोज और रोजी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक लता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सहावर के सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि कार पलटने से महिला की मौत हुई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।