सिढ़पुरा। कोतवाली क्षेत्र में धुमरी रोड स्थित एक निजी स्वीमिंग पूल में मंगलवार की देर शाम बालक का शव उतराता मिला। पूल मालिक बालक को बाहर निकालकर निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
ताजपुर निवासी शिवा (8) पुत्र संजय शर्मा मंगलवार शाम धुमरी रोड स्थित एक निजी स्वीमिंग पूल पर पहुंचा था। शाम 7 बजे पूल मालिक वरुण सोलंकी ने शिवा को पानी से निकालकर एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता संजय शर्मा ने बताया कि शिवा को शाम 4 बजे तक गांव में देखा गया था। वह स्वीमिंग पूल में कैसे पहुंच गया इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। काफी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। बालक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में परिजन व लोगों से पूछताछ की। सिढ़पुरा कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि बालक की डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सीसी टीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।