कासगंज के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव पिलखुनी के पास आम के बाग में रविवार सुबह आम के पेड़ पर रस्सी से युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
रविवार सुबह निवासपुर गांव के कुछ बच्चे पिलखुनी की ओर टहलने और नित्यक्रिया के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आम के बाग में उनकी नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। शव देखते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने इसकी सूचना परिजनों तथा 112 नंबर पर दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी सिढ़पुरा थाना पुलिस को दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव की शिनाख्त निवासपुर गांव निवासी ओमप्रकाश पुत्र भूपसिंह, उम्र करीब 50 वर्ष, के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी अंजू और बेटे रोहित समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के मुताबिक ओमप्रकाश करीब एक वर्ष से दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था और एक-दो दिन पहले ही गांव लौटा था। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव आम के पेड़ पर लटका मिला।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।