फोटो12मृतक युवक योगेश का फाइल फोटो।
कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य के गांव नगला बैरू में शुक्रवार की शाम बीएससी के छात्र का शव पीपल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है।नगला बैरू निवासी योगेश (21) पुत्र लल्ला बाबू बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। शुक्रवार की शाम उसका शव गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर पीपल के पेड़ पर लटका मिला। पिता लल्ला बाबू ने पुलिस को बताया कि योगेश खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसके दे तक घर न लौटने पर परिजन परेशान हो गए। परिजन उसे ढूंढते हुए रात 8 बजे खेत पर पहुंचे तो उसका शव पीपल के पेड़ पर रस्सी के फंदे लटका हुआ मिला। मौत की सूचना पर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। किसी ने फोन कर उसकी मौत की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने गांव के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। वहीं, बेटे की मौत के बाद मां रीना देवी सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि उन्हें पता नहीं था कि बेटा ऐसा कदम उठा लेगा। पटियाली सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जांच की जा रही है।