कासगंज। दो दिन पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिले शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी थी कि मंगलवार रात शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन के कोच में एक और अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रेलवे पॉइंट्समैन की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया है।
जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल ने बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 1 बजे ट्रेन संख्या 55351 (शिकोहाबाद पैसेंजर) के कोच में लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। मृतक का सांवला रंग, कद करीब 5 फीट 2 इंच, पिचका हुआ चेहरा और छोटे काले बाल हैं।
उसने क्रीम रंग की शर्ट, भूरे रंग की बनियान-अंडरवियर, चॉकलेटी लोअर और नीली जैकेट पहन रखी थी। उसके पास से कोई पहचान पत्र या सामान बरामद नहीं हुआ है।
शव की शिनाख्त के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया और आस-पास के थानों में भेजी गई है। पहचान न होने के कारण नियमानुसार शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-
दोनों मामलों में शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। - कोमल कुंतल, थानाध्यक्ष जीआरपी