फोटो41मृतक स्वास्थ्य कर्मी राहुल का फाइल फोटो।
पटियाली। पटियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात 35 वर्षीय वार्ड बॉय राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उसका शव अस्पताल परिसर स्थित आवास के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला।
कई दिनों से राहुल का फोन न उठने और संपर्क न होने पर बृहस्पतिवार शाम राहुल की मां लता देवी और भाई गौरव जब उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने पर भी कोई जवाब न मिलने पर भाई गौरव ने धक्का दिया जिससे अंदर लगी कुंडी खुल गई।
अंदर राहुल चारपाई पर बेसुध अवस्था में पड़ा था और शरीर ठंडा पड़ चुका था। चीख-पुकार सुनकर सीएचसी के अन्य कर्मचारी भी मौके पर दौड़ पड़े। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मूलरूप से मजीदपुर थाना कासगंज निवासी राहुल पुत्र सुघर सिंह पटियाली सीएचसी में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत था। वह अस्पताल परिसर के कमरे में अकेला रहता था। परिजन के अनुसार, राहुल की पत्नी डाॅली से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी चार वर्षीय बेटे हिरदानश के साथ करीब एक साल से कोतवाली क्षेत्र के गांव औरंगाबाद स्थित मायके में रह रही थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र पाल सिंह और सीओ अमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम को बुलाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वर्जन
वार्ड बॉय राहुल का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। - अमित कुमार, सीओ