कासगंज। लगातार बढ़ रही गर्मी और लू अब सीधे लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। तीखी धूप और गर्म थपेड़ों के बीच मौसमी बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं, जिससे जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर दबाव तेजी से बढ़ गया है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में रिकॉर्ड 1788 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। वहीं, लू की चपेट में आने से 27 लोगों की हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती करना पड़ा। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में बढ़ी गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। अत्यधिक पसीना और लंबे समय तक धूप में रहने से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। अस्पताल में उल्टी, पेट दर्द, त्वचा रोग और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे। लोगों ने सिर दर्द, चक्कर आने सहित दिक्कतें भी बताई।
लू लगने के प्रमुख लक्षण
- तेज सिरदर्द और चक्कर आना।
- अत्यधिक प्यास लगना
- शरीर में कमजोरी और थकान
- तेज बुखार या शरीर का तापमान बढ़ना
-उल्टी या मतली की शिकायत
-बेहोशी या भ्रम की स्थिति
-त्वचा का गर्म और सूखा महसूस होना
बचाव के उपाय
-दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
-पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें
-हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें
-सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढककर रखें
-बासी और अधिक तैलीय भोजन से परहेज करें
-घर से निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें
-चक्कर, कमजोरी या बुखार महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें
लू चलने से लोगों की सेहत पर असर है। 27 मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। इस मौसम में सावधानी आवश्यक है- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस