कासगंज के कलियानपुर मार्ग पर शुक्रवार की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने चक्की एक्सपेलर कारोबारी से तमंचे के बल पर डेढ़ लाख रुपये की लूट कर भाग गए। कारोबारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने कारोबारी की तहरीर पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कारोबारी भूपेंद्र निवासी नगला कल्लू शहर के गढ़ी चौराहे पर एक्सपेलर व आटा चक्की संचालित करता है। रात के समय में अपनी एक्सपेलर आटा चक्की बंद करने के बाद गांव जा रहा था। इस दौरान रात करीब साढ़े नाै बजे गांव नगला कल्लू से पहले गांव के मोड़ पर बाइक सवार लुटेरों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करके आगे बाइक लगा दी।
जैसे ही कारोबारी ने बाइक रोकी तभी लुटेरों ने कारोबारी से तमंचे के बल पर जेब में रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूटकर भाग गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर लोग अलाव के सहारे बैठे हुए थे। कारोबारी ने शोर शराबा मचाया तो आसपास के लोग मौके पर आ गए। कारोबारी ने पुलिस को लूट की सूचना दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर लोकेश भाटी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर सीओ सिटी आंचल चौहान भी मौके पर आ गई। पुलिस ने कारोबारी से वारदात की जानकारी ली और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी लुटेरों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
एसपी राजेश भारती ने बताया कि एक्सपेलर कारोबारी की तहरीर पर लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। कारोबारी ने डेढ़ लाख रुपये की लूट होना बताया है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सदर कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम मामले के खुलासे में जुटी है।