फोटो11कासगंज में दुकान पर बिक्री के लिए रखी सेब, नमकीन व अन्य पकवान।संवाद
कासगंज। होली में अब बस एक दिन ही शेष है। ऐेसे में बाजार में होली के पकवानों की वैरायटी कामकाजी लोगों को लुभा रही है। दुकानों पर मठरी, नमकीन, बेसन के सेब, मैदा के काजू और अन्य पारंपरिक नाश्तों के साथ गुझिया, दही बड़े, कांजी बड़े ग्राहकों का ध्यान खींच रही है। घरों में मेहमानों के स्वागत की तैयारियों के बीच लोग तैयार नाश्ते की खरीदारी में जुट गए हैं, जिससे बाजारों में रौनक और भी बढ़ गई है।
इस बार होली के रंगों से पहले ही बाजार स्वाद, खुशबू और तैयार पकवानों की बहार से सराबोर नजर आ रहा है, और लोगों में त्योहार का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। त्योहार के मद्देनजर दुकानों पर नमकीन और मीठे स्नैक्स की वैरायटी उपलब्ध है। बेसन से बने मीठे और नमकीन सेव तथा मैदा से तैयार काजू, छोटे समोसे, खस्ता की मांग ज्यादा है। घरों में पकवान बनाने में व्यस्त महिलाएं अब रेडीमेड सामग्री को प्राथमिकता दे रही हैं, क्योंकि यह समय की बचत के साथ-साथ गुणवत्ता और स्वाद में भी बेहतर साबित हो रही है।
बाजार में रेडीमेड पकवानों की कीमतें 160 से 240 रुपये प्रति किलो तक हैं, जो ग्राहकों के बजट के अनुसार वैरायटी उपलब्ध कराती हैं। कई दुकानों ने विशेष पैकेजिंग में गिफ्ट पैक भी तैयार किए हैं, जिन्हें लोग त्योहार के अवसर पर रिश्तेदारों और मित्रों को भेंट करने के लिए खरीद रहे हैं। विक्रेता सुरेंद्र ने बताया कि पर्व की अच्छी मांग है। अभी और बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।