शहर की आवास विकास कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम कपड़े के ब्रांड को लेकर बड़ा विवाद हो गया। जींस की शर्ट असली है या नकली इसे लेकर मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए युवक ने किशोर पर फायर झोंक दिया। गोली किशोर को छू कर निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी अनमोल भारद्वाज (25) और कॉलोनी के सेक्टर-ए निवासी निशांत (15) पुत्र राजेश कुमार शुक्रवार दोपहर करीब 12:00 बजे साथ में खड़े थे। निशांत एक नामचीन कंपनी की जींस की शर्ट पहने हुए था। जब उसने अपनी शर्ट का जिक्र किया तो अनमोल ने उसे असली कंपनी की न बताकर फर्जी ब्रांड का कह दिया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर निशांत ने साथी के साथ मिलकर पिता की बाइक रिपेयरिंग दुकान के पास अनमोल को पीट दिया।
पिटाई के बाद युवक आपा खो बैठा। वह शाम करीब 6:00 बजे पिटाई का बदला लेने के लिए अपने घर से अवैध तमंचा लेकर निकला। फिर किशोर के पिता की दुकान के पास स्थित चाउमीन के ठेले के पास पहुंच गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, युवक ने किशोर पर निशाना साधकर फायर झोंक दिया। गोली किशोर को छू कर निकल गई। जबकि छर्रे लगने से किशोर का चेहरा लहूलुहान हो गया।
अचानक सरेराह फायरिंग से रोड पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकला। किशोर को गोली मारने की सूचना पर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल किशोर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, किशोर की हालत खतरे से बाहर है।
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दोनों के बीच कपड़े के ब्रांड पर विवाद हो गया था।