कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर माफी में पुरानी रंजिश में एक घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव शाहपुर माफी निवासी जंगाली पुत्र नेकराम ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 17 सितंबर की सुबह करीब 09:00 बजे घर पर जब उनकी पत्नी बैठक में बैठी थीं, उसी दौरान गांव के ही चार आरोपी चन्द्रपाल, ऋषिचन्द्र, सुभाष और पवन पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों के साथ उनके घर के दरवाजे पर आ धमके। आरोपियों ने वहां पहुंचते ही गालियां देना शुरू कर दिया। जब वादी के बेटे ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी घर के अंदर घुस आए। बेटे को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने गई पत्नी को भी जमीन पर गिराकर पीटा गया। मारपीट के दौरान बेटे के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई और दोनों हाथों में काफी चोटें आईं। घटना के बाद परिजन ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। - आंचल चौहान, सीओ सदर