कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सीखने का अवसर है। यह 60 दिवसीय निशुल्क कोर्स 15 अप्रैल से शुरू होगा। छात्र 9 अप्रैल तक इसके लिए पंजीकरण करा सकते हैं।
जिले के माध्यमिक स्कूलों में लगभग 40 हजार विद्यार्थी शिक्षारत हैं। महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोरखपुर, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के सहयोग से यह कोर्स संचालित कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण कुल 20 घंटे का होगा। सफलतापूर्वक पूरा करने पर विद्यार्थियों को दो क्रेडिट पॉइंट्स के साथ प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
कोर्स का पाठ्यक्रम और लाभ
प्रशिक्षण में एआई की मूल अवधारणाओं के साथ मशीन लर्निंग और डेटा एनालिसिस सिखाया जाएगा। छात्रों को एल्गोरिदम, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और इमेज रिकॉग्निशन का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। डिजिटल एथिक्स, साइबर सुरक्षा और एआई के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष जोर रहेगा। यह कोर्स पढ़ाई को आसान बनाएगा और आईटी व इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कॅरिअर की मजबूत नींव रखेगा। विद्यार्थी सही प्रॉम्प्ट लिखने की कला से अपनी समझ और रचनात्मकता विकसित कर पाएंगे।
वर्जन
एआई कोर्स के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित तिथि तक पंजीकरण कराने के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि अधिकतम विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।- जगदीश प्रसाद शुक्ला, डीआईओएस