कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव मटैना में शनिवार की शाम एक बालक को बाइक से अगवा करने की कोशिश गई। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को मोहनपुर में पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांव मटैना निवासी अखिलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की शाम उनका बेटा (8) घर के बाहर खेल रहा था। तभी हरियाणा के गुडगांव में आईएमटी मानेसर निवासी सूरज बाइक लेकर आया और उसके बेटे को अगवा करके ले जाने लगा। वह मूलरूप से आजमगढ़ के सूफीगढ़ का रहने वाला है। उसे ऐसा करते हुए ग्रामीणों ने देख लिया। उनके शोर मचाने पर परिजन ने आरोपी की बाइक का पीछा किया। मोहनपुर में परिजन ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद सहावर कोतवाली ले गए। पुलिस ने अखिलेश की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।