फोटो 39अमांपुर के नगला भवानी में बिना अनुमति डॉ.आंबेडकर की प्रतिमा लगाने की सूचना पर पहुंची पुल
कासगंज। अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला भवानी में ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति के शुक्रवार की रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। शनिवार की सुबह किसी ने इसकी जानकारी फोन करके पुलिस और प्रशासन को दे दी। इस पर एसडीएम व सीओ फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस ने प्रतिमा को हटवा दिया। प्रशासन ने अनुमति लेने के बाद ही प्रतिमा को लगवाने के निर्देश दिए। गांव नगला भवानी में शनिवार की सुबह लोग खेतों की ओर निकले तो गांव के बाहर ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा लगी दिखी। इसे लेकर गांव में चर्चा शुरू हो गई। प्रतिमा को बिना अनुमति के ग्राम समाज की भूमि पर शुक्रवार की रात लगाया गया था। किसी ने फोन करके इसकी जानकारी सहावर तहसील प्रशासन को दी। इस पर एसडीएम सहावर एसएन त्रिपाठी और सीओ सहावर शाहिदा नसरीन राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। लेखपाल ने जांच के बाद जमीन ग्राम समाज की होने की पुष्टि की। अधिकारियों ने प्रतिमा लगाने से संबंधी अनुमति पत्र मांगा, लेकिन कोई दिखा नहीं सका। इस पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को बातचीत करके समझाया और प्रतिमा को मौके से हटवा दिया। प्रतिमा गांव के ही एक व्यक्ति के सुपुर्दगी में दे दी गई। अधिकारियों ने अनुमति मिलने तक प्रतिमा को कहीं भी स्थापित नहीं करने के निर्देश दिए। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि गांव में बिना अनुमति के प्रतिमा लगाई गई थी, जिसे हटवा दिया गया है। अनुमति लेने के बाद प्रतिमा लगवाई जाएगी।