कासगंज। सहावर के एक गांव निवासी किशोर को एक युवक रविवार की शाम शादी में मजदूरी के बहाने बुलाकर ले गया। परिजन ने युवक पर घर ले जाकर किशोर के साथ कुकर्म करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय किशाेर को रविवार की शाम गांव जमालपुर निवासी एक आरोपी युवक शादी समारोह में मजदूरी करने के बहाने घर से ले गया था। किशाेर का आरोप है कि आरोपी ने अपने घर ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। इसके बाद वह उसे इधर-उधर बाइक पर घुमाता रहा।
किशोर ने घर आकर घटना की जानकारी दी। परिजन सोमवार को उसे लेकर सहावर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजन की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।