कासगंज। दिल्ली में आयोजित 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग एवं 28वीं पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में जिले की आकांक्षा सोमानी ने शानदार प्रदर्शन कर नाम रोशन किया है।
डीएम कार्यालय में कार्यरत आकांक्षा ने पैरा आर्म रेसलिंग की सीपी श्रेणी (60 किग्रा से कम भार वर्ग) में दाहिने और बाएं दोनों हाथों की स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
प्रतियोगिता 29 अक्तूबर से 7 नवंबर तक शाहदरा स्थित द लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में हुई। कोच प्रवीण जादौन ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 59 पदक जीतकर समग्र तालिका में पांचवां स्थान प्राप्त किया जबकि मास्टर वर्ग में भारतीय टीम उपविजेता रही। रूस, कजाकिस्तान और तुर्किये क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में कासगंज के अमन कुमार ने सीनियर वर्ग (55 किग्रा) में सातवां और पैरा आर्म रेसलिंग स्टैंडिंग श्रेणी (65 किग्रा) में आसिफ ने आठवां स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता का संचालन और निर्णायक मंडल में प्रक्ष सिंह जादौन (तकनीकी संचालन) और अंतरराष्ट्रीय रेफरी सरिता सिंह ने अहम भूमिका निभाई।
इस वैश्विक आयोजन में पार्थ गांधी, प्रिंस गुरहार, पुष्पेंद्र, अभिषेक, चांदनी, क्वीन, गार्गी, अनमता, सना और साक्षी का भी विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता में 25 से अधिक देशों के राजदूतों सहित कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।