फोटो21खाद्य सामग्री के नमूना एकत्रित करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।स्रोत:विभाग
संवाद न्यूज एजेंसीकासगंज। रमजान, होली और ईद पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट की आशंका पर खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष छापामार कार्रवाई की। अमांपुर और नगला बेरिया के मिठाई और बूंदी निर्माण केंद्रों से कुल 312 किग्रा खाद्य सामग्री पकड़ी। इसमें से कुछ को नष्ट कराया। कुछ को सीज कर नमूने जांच के लिए जमा किए। सहायक आयुक्त खाद्य आनंद कुमार देव के नेतृत्व में टीम ने अमांपुर स्थित पुष्पेंद्र के मिठाई निर्माण स्थल से कलाकंद का नमूना लिया। मौके पर रखी 152 किग्रा दूषित मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 33,440 रुपये थी, को नष्ट कर दिया गया। इसी प्रकार नगला बेरिया, अहरौली स्थित राजकुमार के बूंदी निर्माण केंद्र से रिफाइंड सोयाबीन तेल और बूंदी के नमूने लिए गए। मौके पर मिली 160 किग्रा बूंदी, जिसकी अनुमानित कीमत 11,200 रुपये थी, को सीज कर खाद्य कारोबारी की अभिरक्षा में रखवाया गया। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने लोगों से अपील की है कि केवल पंजीकृत खाद्य विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। खरीदारी करते समय एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। मिष्ठान निर्माण में खाद्य रंग निर्धारित मात्रा में प्रयोग करें और पुराने मावे या मिठाई का उपयोग न करें। किसी भी प्रकार की मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।