कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों और अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत बिना विनियमन शुल्क (रॉयल्टी) जमा किए चल रहे ईंट भट्टों पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर (मड मिक्सचर) को सीज किया गया है। इसके साथ ही दरियागंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अवैध खनन व परिवहन में लिप्त बिना प्रपत्र के पाए गए दो वाहनों को भी सीज करने की कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह के आदेश पर पटियाली एसडीएम प्रदीप विमल ने राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम के साथ तहसील पटियाली क्षेत्र में औचक छापेमारी की। इस दौरान निबुआ स्थित किशनवीर ईंट भट्टा और श्रीराम ईंट भट्टा पर बिना रॉयल्टी भुगतान के अवैध रूप से मड मिक्सचर ट्रैक्टर संचालित होते पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन ट्रैक्टरों को थाना सिढ़पुरा में ले जाकर सीज कर दिया।
प्रशासन द्वारा ईंट भट्टा संचालकों को स्पष्ट और कड़ी चेतावनी दी गई है कि जिन भट्टा स्वामियों द्वारा आगामी तीन दिनों के भीतर निर्धारित रॉयल्टी जमा नहीं की जाएगी, उनके खिलाफ और अधिक कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके तहत भट्टों को पूरी तरह बंद कर सीलिंग की कार्रवाई भी की जा सकती है। संवाद