गंजडुंडवारा। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव नगला खिमाई में पुरानी रंजिश में सरसों की खड़ी फसल में जहरीली दवा डालकर नष्ट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने करीब दो लाख रुपये की फसल बर्बाद कर दी और विरोध करने पर वृद्ध पिता को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जिला एवं सत्र न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता गोविंद कुमार वर्तमान में बदायूं में रहते हैं जबकि उनके वृद्ध माता-पिता गांव में रहकर खेती संभालते हैं। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 8 नवंबर को दो लोगों ने खेत में पहुंचकर सरसों की फसल पर जहरीले रसायन का छिड़काव कर दिया।
विरोध करने पर उन्होंने अधिवक्ता के पिता कृष्ण को घेर लिया और बेटे को बताने पर हत्या की धमकी दी जिससे डरकर पिता ने तुरंत किसी को नहीं बताया। अगले दिन छोटे भाई ने जब खेत की बात की तो पिता ने आपबीती सुनाई।
खेत पहुंचने पर फसल पूरी तरह नष्ट मिली। पीड़ित ने बताया कि फसल की कीमत करीब दो लाख रुपये थी। इस घटना की सूचना यूपी-112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई गई है। अधिवक्ता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
-
मामले में लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच करवाई जा रही है। - अमित कुमार, सीओ