कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने दो आरोपियों पर घर में घुसकर पत्नी और बेटी से मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि मारपीट में उसकी पत्नी और बेटी के चोटें आईं।
गांव अभूपुरा निवासी पप्पू पुत्र काशी चरन ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गणेशपुर गांव निवासी उमादेवी के पति रईसपाल का निधन हो गया था। इसके बाद उसने उमादेवी से शादी कर ली थी।
इस बात से रईसपाल का परिवार रंजिश मानता है। आरोप है कि बुधवार की शाम करीब 5:30 बजे वह पत्नी और बेटियों के साथ घर पर मौजूद थे, तभी रईसपाल के परिवार की आरोपी संगीता और बतासो लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंची।
आरोपियों ने उनकी पत्नी और बेटी विनेश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे पत्नी के सिर तथा बेटी के पैर में चोटें आईं। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कॉल करके यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद उन्हाेंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि मारपीट के मामले में पति की तहरीर पर दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।