कासगंज। बरेली-मथुरा निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग मोहनपुरा बाईपास पर हुए सड़क हादसे की जांच अब शासन द्वारा पूर्व में गठित विशेष टीम करेगी। तीन से अधिक मौत वाले सड़क हादसों की गहन समीक्षा के लिए शासन स्तर पर एक संयुक्त समिति पहले से ही गठित है।
इस त्रि-सदस्यीय टीम में परिवहन विभाग के एआरटीओ, लोक निर्माण विभाग के अभियंता और पुलिस विभाग के आरआई शामिल हैं। यह टीम दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल करेगी। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने पुष्टि की है कि समिति ने सभी बिंदुओं पर अपनी विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जांच का मुख्य केंद्र एनएचएआई द्वारा किए गए रूट डायवर्जन के कारण होंगे। शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि दुर्घटना का शिकार हुए दोनों वाहन एक ही लेन पर आमने-सामने आ गए थे जिसके कारण यह हादसा हुआ। समिति की इस जांच रिपोर्ट से दुर्घटना के असल कारण स्पष्ट हो सकेंगे। संवाद