फोटो30पटियाली में मुस्लिम भाई आमिर को राखी बांधती बहन आरती चौहान।संवाद
पटियाली। राजा द्रौपद की नगरी और हजरत अमीर खुसरो की जन्मस्थली पटियाली में मजहब की दीवारें किस तरह दिलों के रिश्तों के आगे बौनी हो जाती हैं, इसकी एक बेहतरीन बानगी रक्षाबंधन पर देखने को मिली।
मुख्य चौराहे के निवासी बलबीर सिंह उर्फ छोटे सिंह चौहान की बेटी आरती चौहान पिछले लगभग 20 वर्षों से मोहल्ला शेखान निवासी आमिर कुरैशी की कलाई पर राखी बांधती आ रही हैं। प्रेम, अटूट विश्वास और आपसी सम्मान के धागों से बुना यह पवित्र रिश्ता हर गुजरते साल के साथ और मजबूत होता जा रहा है।
इस साल भी रक्षाबंधन के मौके पर आमिर ने पहले जुमे की नमाज अदा की और फिर सीधे अपनी बहन आरती के घर पहुंच गए। आरती ने पारंपरिक रीति-रिवाज, आत्मीयता और स्नेह के साथ आमिर के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा।
जीवनभर फर्ज निभाने का संकल्प लिया
आमिर ने कहा कि वह जीवनभर इस रिश्ते का मान रखेंगे और हर परिस्थिति में रक्षा करेंगे। दोनों का यह प्रेम हर शख्स का दिल जीत गया। यह राखी महज एक धागा नहीं बल्कि दो दिलों के बीच अटूट विश्वास का प्रतीक है।