कासगंज। नदरई के गांव बरेला में एक ईंट-भट्ठा पर शुक्रवार दोपहर हादसा हो गया। ईंट निकालते समय भट्ठे की दीवार अचानक गिर गई। इस घटना में दो मजदूर मलबे में दब गए। एक की माैके पर ही माैत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
जनपद एटा के ततारपुर माफी निवासी करन (26) और रूपनगर निवासी तिलक सिंह (55) दोपहर बारह बजे ईंटें निकाल रहे थे। दीवार गिरने से दोनों मजदूर मलबे में दब गए। अन्य मजदूरों ने उन्हें बाहर निकाला। करन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तिलक सिंह को मिरहची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। मजदूर की मौत से उसके साथियों में आक्रोश है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक मजदूर के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने करन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भट्ठा मजदूर हुकुम सिंह ने बताया कि खाना खाने के बाद ईंट निकालते समय यह हादसा हुआ। सदर एसडीएम संजीव कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कासगंज। मजदूर करन दो साल से भट्ठा पर मजदूरी कर रहा था। उसके साथी हुकुम सिंह ने बताया कि करन परिवार में सबसे बड़ा था। वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनमें बड़ा बेटा कृष्णा (5), बेटी आराध्य (3) और छोटा बेटा मुनेंद्र (3 माह) का है। उसकी मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी पूनम, मां धनदेवी सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद
-
एक हजार ईंट निकालने के मिलते हैं 210 रुपये
मजदूरों को एक हजार ईंट भट्ठा से निकालने के लिए 210 रुपये मजदूरी के दिए जाते हैं। इसके लिए मजदूर सुबह करीब 5 बजे से ही ईंट निकालने के लिए जुट जाते हैं। इससे वह अधिक से अधिक ईंटें भट्ठा से निकाल सकें। इससे उन्हें अधिक से अधिक मजदूरी मिल जाए और उनके परिवार का पालन पोषण हो सके।
दीवार गर्म होने से मृतक के शरीर पर पड़ गए फफौले
कासगंज। साथी मजदूरों ने बताया कि भट्ठा में ईंटें पकने के बाद उन्हें निकालते समय अचानक दीवार गिरी थी। दीवार बेहद गर्म होने के कारण उसके मलबे में दबे मजदूर झुलस गए थे। उनके शरीर पर फफौले पड़ गए। सीएमएस डॉ.संजीव सक्सेना ने बताया कि मजदूर को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था। उसका शरीर बुरी तरह झुलसा हुआ था।
फोटो 42 - कासगंज जिला अस्पताल पर रोते-बिलखते मृतक करन के परिजन। स्रोत : संवाद
फोटो 42 - कासगंज जिला अस्पताल पर रोते-बिलखते मृतक करन के परिजन। स्रोत : संवाद