कासगंज। मौसम के बदलते मिजाज ने एक बार फिर लोगों की सेहत बिगाड़नी शुरू कर दी है। उमस, रुक-रुककर हो रही बारिश और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां इस सीजन में पहली बार एक ही दिन में रिकॉर्ड 2020 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। सुबह से ही अस्पताल परिसर मरीजों और उनके तीमारदारों से खचाखच भर गया था। पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरों और दवा वितरण केंद्र तक लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या 377 बुखार पीड़ितों की रही। इसके अलावा 338 मरीज सांस और 128 मरीज डायरिया की शिकायत लेकर पहुंचे। इनके साथ ही बड़ी संख्या में लोग सर्दी, खांसी, गले में खराश, शरीर दर्द, कमजोरी और अन्य वायरल संक्रमण की परेशानियों का इलाज कराने पहुंचे।
चिकित्सकों के अनुसार, मौसम में हो रहे इन बदलावों के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे संक्रमण तेजी से जकड़ता है। बारिश के बाद बढ़ी नमी और उमस की वजह से सांस और पेट से जुड़ी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने 20 मरीजों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया है।
ऐसे करें संक्रमण की पहचान
• बुखार आना और शरीर में दर्द होना
• सर्दी, खांसी और गले में खराश
• कमजोरी और थकान महसूस होना
• सांस लेने में परेशानी
• पेट दर्द, उल्टी या दस्त की शिकायत
-
ऐसे करें बचाव
• साफ पानी और ताजा भोजन का सेवन करें
• हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें
• बारिश में भीगने के बाद कपड़े बदलें
• भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें
• लक्षण दिखने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लें
वर्जन
साफ-सफाई का ध्यान रखें, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचें और केवल स्वच्छ पानी का सेवन करें। बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। -डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस