सोरों। क्षेत्र में शादी कराने के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अनाथ आश्रम में काम करने का झांसा देकर शादी कराने का भरोसा दिलाया और फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार कर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई
पीड़ित राहुल निवासी चौसठ ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी आनंद यादव उर्फ सतेंद्र यादव, निवासी अलीपुर बरवारा ने शादी कराने का झांसा देकर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये ठग लिए। उसने बताया कि वह अपने भाई की शादी को लेकर परेशान था। इस पर आरोपी ने शादी कराने का आश्वासन देते हुए मथुरा जाने के किराए व अन्य खर्च के नाम पर पैसे मांगने शुरू कर दिए।
आरोपी ने भाई का फोटो लगाकर एक महिला का फोटो जोड़कर फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट बनवाया और दावा किया कि शादी पूरी हो गई। 05 फरवरी को संपर्क करने पर आरोपी का फोन बंद मिला। जब राहुल आरोपी के गांव पहुंचे तो पता चला कि वह पहले भी कई लोगों को इसी तरह ठग चुका है। अब न तो पैसे वापस कर रहा है और उल्टा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि शिकायत मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।