सहावर। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर के कमरे में झूला झूल रही 10 वर्षीय बच्ची के गले में अचानक फंदा कस जाने से उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। इस दुर्घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले के लोग बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
कस्बा निवासी शमशुद्दीन की 10 वर्षीय बेटी आयात शनिवार को अपने घर के कमरे में झूला झूल रही थी। इसी दौरान अचानक झूले का फंदा उसके गले में फंस गया, जिससे वह कमरे में ही बेसुध होकर गिर पड़ी। इस घटना की भनक घर के किसी भी बड़े सदस्य को नहीं लग पाई।
करीब 10 मिनट बाद जब उसका छोटा भाई किसी काम से कमरे के अंदर गया, तो उसने बहन को इस हालत में देखा। भाई की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत दौड़कर कमरे में पहुंचे और बच्ची को फंदे से मुक्त किया।
वे उसे तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उसे लेकर अलीगढ़ रवाना हो गए। घटना की खबर मिलते ही घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।