कानपुर। पनकी के भौंसिंह गांव में सोमवार सुबह देसी शराब पीने के बाद जगदीश कुमार (42) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शराब पीने से मौत का आरोप लगा परिजन ने शाम को शव ठेके सामने रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। जगदीश कुमार दादानगर स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी सुनीता और दो बच्चे हैं। छोटे भाई राजेश के मुताबिक सोमवार सुबह जगदीश ने सर्विस रोड स्थित ठेके से शराब खरीदी और पी। इसके बाद वह घर पहुंचकर सो गए। दोपहर बाद परिजन जगाने पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने परिजन को समझाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद