झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के गढ़िया घासीराम में पंखा का तार विद्युत बोर्ड में लगाते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। अचेत होकर गिरने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत पर घर में कोहराम मचा रहा।
गढ़िया घासीराम निवासी नीतेश (18) पुत्र शिवपलटन मंगलवार की रात अपने कमरे में लेटा था। मृतका के पिता ने बताया कि रात के समय वह घर पर रखे टेबल फैन को चालू करने के लिए बिजली के बोर्ड में तार लगाने लगा। इसी दौरान पंखा में करंट उतरने से बेटा चपेट में आ गया। चीख सुनाई देने पर जब वह लोग पहुंचे तो वह बेड के पास अचेत पड़ा था। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नीतेश की मौत के बाद घर में परिवार के लोग बिलखते रहे। चौकी प्रभारी झींझक दिनेश कुमार ने बताया कि घटना की किसी ने लिखित सूचना नहीं दी है।