कानपुर देहात। संदलपुर ब्लॉक की हवासपुर सीएचसी में जल्द ही एक्सरे की सुविधा मिलने वाली है। इसके लिए शासन की ओर से मशीन सीएचसी भेजी जा चुकी है। यह सुविधा शुरू होने से लोगों को सिकंदरा व जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
संदलपुर ब्लॉक की हवासपुर सीएचसी में दो वर्ष पहले एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती हुई थी, लेकिन एक्स-रे मशीन न होने की वजह से टेक्नीशियन दूसरे काम कर रहे हैं। इसके अलावा सीएचसी के डॉक्टर मरीजों को सिकंदरा सीएचसी या फिर जिला अस्पताल के लिए रेफर करते हैं। ऐसे में मरीजों को बहुत परेशानी होती है। कई मरीज तो दूर होने के चलते जिला अस्पताल न जाकर प्राइवेट सेंटर में जाकर एक्सरे कराते हैं।
सीएचसी हवासपुर में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराएं जाने के लिए काफी लंबे समय से विभागीय लिखा पड़ी चल रही थी। अब सीएचसी में एक्स-रे मशीन शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई है। जल्द मशीन को कंपनी के इंजीनियर इंस्टाल करेंगे। इसके बाद यह सुविधा मरीजों को मिलेगी।
सीएचसी हवासपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुनीष कुमार सविता ने बताया कि तीन दिन पहले एक्स-रे मशीन शासन की ओर से आई थी। सात दिन के अंदर मशीन को कमरे में रखवाकर उसको इंस्टाल कराया जाएगा। इसके बाद मरीजों को इसकी सुविधा मिलेगी।
बंद रही ओपीडी, इमरजेंसी में पहुंचे मरीज
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में मंगलवार को ओपीडी नहीं चली तो इमरजेंसी में मरीजों को भीड़ जुटने लगी। इस पर ईएमओ व जूनियर रेजिडेंट ने गंभीर मरीजों को देखकर अन्य मरीजों को ओपीडी में दिखाने की सलाह दी। इसी तरह अकबरपुर सीएचसी, सिकंदरा, गजनेर, पुखरायां सहित अन्य सीएचसी में ओपीडी नहींं चली तो इमरजेंसी डॉक्टर ने मरीज का उपचार किया। मंगलवार को ज्यादातर मरीज पेट रोग से पीड़ित होकर पहुंचे। कुछ को उल्टी, दस्त की शिकायत रही। कई मरीजों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज किया गया। (संवाद)