फोटो
कानपुर। बाबूपुरवा स्थित बगाही कब्रिस्तान में दफनाई गई विवाहिता कायनात का शव शुक्रवार को हाईकोर्ट के आदेश पर कब्र खोदकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच कराई। शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि कायनात की शादी करीब 18 महीने पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 15 मई को ससुराल पक्ष ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी थी। शव को बगाही कब्रिस्तान में दफना दिया था। मायका पक्ष ने मामले को संदिग्ध बताते हुए न्यायालय की शरण ली थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने कब्र खोदवाकर शव बाहर निकलवाया। बाबूपुरवा इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)